लोकसभा चुनाव की तैयारी में फरवरी से शुरू हो जाएगा भाजपा का वार रूम
Dhanaoura times news lucknow
भाजपा ने नगरीय निकाय और फिर सिकंदरा के उपचुनाव में जीत का परचम जरूर फहराया है लेकिन मतों के अंतर ने बेचैनी बढ़ा दी है। यही वजह है कि अब लोकसभा चुनाव की तैयारी बिल्कुल जमीनी स्तर पर शुरू हो गई है। प्रदेश मुख्यालय में इस बार नये सिरे से वार रूम बन रहा है। चुनाव आने तक यह प्रदेश के एक लाख 47 हजार बूथों से सीधे कनेक्ट रहेगा। सहयोगी दलों के साथ 2014 के लोकसभा चुनाव में 73 और 2017 के विधानसभा चुनाव में 325 सीटें हासिल करने वाली भाजपा 2019 में सूबे की सभी 80 लोकसभा सीटें जीतने का ख्वाब देख रही है। विधानसभा चुनाव सफलता के मुकाबले नगर पालिका और नगर पंचायतों में भाजपा को सफलता नहीं मिली। सिकंदरा उपचुनाव में भी भाजपा उम्मीदवार की जीत का अंतर घटा है।
प्रदेश में नौ माह से भाजपा की सरकार होने के बावजूद ऐसी चुनौती आने से नियंता सजग हो गये हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय और संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इस बार भी फार्मूला बूथ मैनेजमेंट का रहेगा लेकिन, पार्टी एक-एक परिवार तक पहुंच बनाने की मुहिम शुरू करेगी। विधानसभा चुनाव में परिवर्तन यात्रा, युवा टाऊन हाल और पिछड़ा वर्ग सम्मेलन जैसे कार्यक्रमों पर वार रूम की नजर होती थी। तब सभी प्रकार की गतिविधियों की रिपोर्ट संगठन महामंत्री सुनील बंसल समेत कई बड़े नेताओं को भेजी जाती थी। अबकी बार कार्यक्रम की तैयारियों का भी आकलन होगा और जहां कहीं खामियां नजर आएगी, वहां जिम्मेदार और वरिष्ठ नेताओं को भेजा जाएगा। हाल में घर-घर भाजपा अभियान चला था। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी इसको मजबूत रिश्तों में बदलने को नए सिरे से अभियान चलाएगी। बूथ समिति के सदस्य घर-घर पहुंचकर फीडबैक लेंगे और उसकी रिपोर्ट वार रूम तक भेजी जाएगी। सभी कार्यक्रमों की मानीटरिंग भी वार रूम से होगी। भाजपा दूसरे दलों की तैयारियों पर भी नजर रखेगी।
फिलहाल भाजपा सहकारिता चुनाव पर केंद्रित है। जनवरी तक यह चुनाव समाप्त हो जाएंगे। फिर मकर संक्रांति के बाद प्रदेश भाजपा का पुनर्गठन होगा। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने अपनी नई कार्यकारिणी सामाजिक, भौगोलिक दृष्टि से मजबूत बनाने के साथ ही लोकसभा की चुनौतियों को ध्यान में रखकर गठित करेंगे। इसके बाद सदस्यता अभियान चलेगा। सदस्यता अभियान के तीन वर्ष पूरे हो रहे हैं। खासतौर से 18 वर्ष के युवाओं को सदस्य बनने का मौका दिया जाएगा। फरवरी के पहले हफ्ते में प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक संभावित है। इस बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारियों का कार्यक्रम सार्वजनिक होगा। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और चुनाव प्रबंधन प्रभारी जेपीएस राठौर कहते हैं कि भाजपा अपनी पूर्वनियोजित और डिटेल कार्ययोजना तैयार करती है और उसे समय पर क्रियान्वित करती है। 2019 के चुनाव के लिए भी हमारी तैयारी शुरू हो गई है।
प्रदेश अध्यक्ष भाजपा डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय बताया कि संगठन और सरकार ने उप्र की 80 लोकसभा सीटें जीतने का संकल्प लिया है। हम इसी दिशा में अग्रसर हैं। मोदी और योगी की नीतियों ने प्रदेश की तस्वीर बदल दी है। सबका साथ-सबका विकास के संकल्प को साकार करने को केंद्र और प्रदेश की सरकार काम कर रही हैं। भाजपा ने जनता के बीच भरोसे का रिश्ता कायम किया है। उसी का परिणाम है प्रदेश की जनता उत्साह के साथ भाजपा को ताकत देने का काम कर रही है।
लोकसभा चुनाव की तैयारी में फरवरी से शुरू हो जाएगा भाजपा का वार रूम
Reviewed by Ravindra Nagar
on
December 28, 2017
Rating:
Reviewed by Ravindra Nagar
on
December 28, 2017
Rating:

No comments: