अखिलेश यादव मुकदमों की वापसी पर बोले डिप्टी सीएम की मुकदमा वापसी की फाइल नहीं साइन करेंगे योगी
Dhanaoura times news
बहुजन राष्ट्रीय स्वाभिमान संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरके चौधरी और पूर्व मंत्री स्वामी ओमवेश के सपा में शामिल होने से उत्साहित सपा मुखिया अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी सरकार पर खूब शब्दबाण चलाये। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि राजनीतिक मुकदमों की वापसी की घोषणा करने वाले मुख्यमंत्री के खिलाफ तो खुद गंभीर धाराओं वाले मुकदमे दर्ज हैं। फिर बोले कि उनके मन में यह सवाल उठता है कि जब मुख्यमंत्री पर खुद गंभीर धाराओं वाले मुकदमे दर्ज हैं तो मुकदमा वापसी की फाइलों पर साइन कौन करेगा। दो पूर्व मंत्रियों की सपा में ज्वाइनिंग के मौके पर मीडिया से मुखातिब अखिलेश ने केशव प्रसाद मौर्य का नाम लिये बगैर चुटकी ली कि यदि मुख्यमंत्री के सामने उप मुख्यमंत्री की मुकदमा वापसी की फाइल आयी तो वह उस पर हस्ताक्षर नहीं करेंगे।
मिथक तोडऩे के लिए योगी की प्रस्तावित नोएडा यात्रा के बारे में सवाल किये जाने पर अखिलेश ने कहा कि वह तो बिल्ली के रास्ता काटने से भी रुक जाते हैं। फिर सवाल किया कि इस धारणा को कौन खत्म कर सकता है। कहा कि योगी सरकार के एक मंत्री ने पूजा-पाठ कराकर एक बंगले में गृह प्रवेश किया। यह कहते हुए कि भगवान से हमारी पार्टी की सीधी सेटिंग है। रात में वह जब बंगले में सोये तो उन्हें सपने में रिवॉल्वर दिखायी देने लगी और उन्होंने बंगला खाली करने में ही भलाई समझी। योगी सरकार द्वारा समाजवादी श्रवण यात्रा को बंद किये जाने के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में अखिलेश ने कहा कि मुझे नहीं लगता कि उनके पास कोई बुजुर्ग है जिसका वह सम्मान करना चाहते हैं।
अखिलेश यादव ने भगवा वेशधारी स्वामी ओमवेश को भाजपा की काट के तौर पर प्रोजेक्ट किया। कहा कि जब वह मंच से बोलेंगे तो नासमझ लोगों को भी सारी बातें समझ में आ जाएंगी।
अखिलेश यादव मुकदमों की वापसी पर बोले डिप्टी सीएम की मुकदमा वापसी की फाइल नहीं साइन करेंगे योगी
Reviewed by Ravindra Nagar
on
December 23, 2017
Rating:
Reviewed by Ravindra Nagar
on
December 23, 2017
Rating:

No comments: