कानपुर में वर्चस्व की लड़ाई में युवक को गोली मारी
Dhanaoura times news
बर्रा के जरौली में वर्चस्व के विवाद में बाइक सवार हमलावरों ने युवक को गोली मार दी। दो गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लहूलुहान हालत में भाग कर घर पहुंचे युवक ने परिजनों को जानकारी दी।
मुन्ना सिंह के बेटे अजय ठाकुर का अभिषेक उर्फ गोलू चौबे से वर्चस्व का विवाद चल रहा है। अजय के मुताबिक रविवार रात वह घर के पीछे की गली में खड़ा था। तभी विश्वबैंक निवासी अभिषेक उर्फ गोलू चौबे तीन बाइकों से आधा दर्जन साथियों संग आया और मारपीट कर दी। विरोध करने पर पिस्टल से दो गोलियां मारी। जिसमें एक गोली अजय के पेट में और दूसरी बांयी जांघ में जा धंसी।
लहूलुहान हालत में वह भाग कर घर पहुंचा। परिजन उसे पास के नर्सिंग होम ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे एलएलआर अस्पताल (हैलट) ले जाने को कहा। परिजन उसे गोविंद नगर स्थित रीजेंसी अस्पताल ले गये। अजय ने बताया कि हमला करने वालों में बुश, उजाला ठाकुर, विपिन टेंढी, मनोज सिंह, लकी कबाड़ी शामिल थे।
सीओ गोविंद नगर प्रवीन कुमार सिंह का कहना है कि वर्चस्व को लेकर गोली मारी गई है। दोनों का पुराना विवाद चलता है। परिजनों से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जायेगी।
अजय ठाकुर का कहना है कि बीते 15 दिसंबर को उसका जन्मदिन था। दोस्तों के साथ घर पर केक काटने के दौरान अभिषेक उर्फ गोलू चौबे ने साथियों के साथ मिलकर दरवाजे पर गोलियां चलाई थीं। यह घटना घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी। शिकायत के बाद भी बर्रा पुलिस ने कार्रवाई नहीं की थी।
चार दिन पूर्व भी किदवई नगर में विवाद हुआ था, जिसमें अभिषेक ने साकेत नगर निवासी साथी माधवेंद्र को पीटा था। परिजनों के निकलने पर पथराव और फायरिंग करते हुए भाग निकले थे। पुलिस ने मामले में शांतिभंग की कार्रवाई कर पल्ला झाड़ लिया था।
कानपुर में वर्चस्व की लड़ाई में युवक को गोली मारी
Reviewed by Ravindra Nagar
on
December 26, 2017
Rating:

No comments: