Dhanaoura times news lucknow sheeba Khan
गिरता पारा बच्चों के लिए काफी नुकदानदेह साबित हो रहा है। कड़ाके की ठंड पड़ने से निमोनिया व कोल्ड डायिरया बच्चों पर कहर बनकर टूट रहा है। सर्दी-जुकाम और बुखार की चपेट में आने से बच्चों के साथ-साथ उनके परिवारीजन भी परेशान हैं। संक्रमण और कोल्ड की चपेट में आने से बच्चे तेजी से उल्टी-दस्त के शिकार हो रहे हैं। लोहिया अस्पताल, सिविल व बलरामपुर अस्पताल में उल्टी-दस्त की शिकायत के चलते बड़ी संख्या में बच्चे भर्ती हैं। वहीं सर्दी-जुकाम व निमोनिया से पीड़ित कई बच्चों का इलाज बाल रोग विभाग चल रहा है। दुबग्गा की सुमन के चार माह के बेटे पीयूष को बीते पांच दिनों से उल्टी-दस्त की समस्या थी।
सुमन ने बताया कि तीन दिनों तक निजी क्लीनिक से इलाज कराया लेकिन फायदा नहीं होने पर शुक्रवार को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। नादरगंज की गायत्री के आठ माह के बेटे अनुराग और खदरा की उजमा की छह माह की बेटी रुकय्या और अलीगंज के साहिल (10) को उल्टी-दस्त के चलते भर्ती कराया गया है। इसके अलावा सिविल अस्पताल में सानवी (4) व श्रेय (3) समेत कई बच्चे उल्टी-दस्त की शिकायत से पीड़ित भर्ती हैं।
सर्दी-जुकाम व निमोनिया के चलते अस्पतालों में बड़ी संख्या में बच्चे भर्ती हैं। बच्चों में पसली चलने व जकड़न की अधिक दिक्कत है। ठाकुरगंज की आरिफ रहमान (8), फैजुल्लागंज की फातिमा की डेढ़ माह की बेटी जिकरा व लखीमपुर के अंश (1) समेत कई बच्चे निमोनिया व जकड़न की समस्या के चलते बलरामपुर में भर्ती हैं।
*ठंड और संक्रमण से बढ़ रही समस्या*
ठंड की चपेट में आने से बच्चों को उल्टी-दस्त की शिकायत हो जाती है। इस मौसम में रोटा वायरस समेत अन्य संक्रमण तेजी से फैलते हैं, जिसके चलते बच्चे सर्दी-जुकाम, निमोनिया व उल्टी-दस्त जैसी समस्या की चपेट में आसानी से आ जाते हैं। ऐसे में उनके शरीर में पानी की कमी न हो इसलिए ओआरएस का घोल देते रहना चाहिए। संक्रमण से बचाव के लिए बच्चों के इम्यून सिस्टम का मजबूत होना जरूरी है इसलिए उन्हें मौसमी फल व सब्जियों का सूप बनाकर देना चाहिए। गुड़ का सेवन भी ठंड से बचाव में फायदेमंद होता है। - *डॉ. बृजेश सिंह, बाल रोग विशेषज्ञ बलरामपुर अस्पताल*
*ऐसे बरतें सावधानी*
- बच्चों का वैक्सीनेशन जरूर कराएं
- बच्चों को घर से निकलने से बचाएं
- बच्चों को कैप व मोजे के साथ पूरी तरह से गर्म कपड़े पहनाएं
- ठंडा पानी, आइसक्रीम व कोल्ड ड्रिंक समेत अन्य ठंडी चीजों का सेवन न करने दें
- हाथों को साफ रखें, बच्चे को खांसी या छींक आने पर रुमाल लगाएं
- खांसी जुकाम के मरीजों से बच्चों को दूर रखें
- समस्या होने पर खुद से दवा देने के बजाए डॉक्टर से परामर्श लें
- बच्चों को पोषणयुक्त भोजन दें ताकि उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता बनी रहे
- अचानक गर्मी से ठंड व सर्दी से गर्मी (बदलते तापमान) में जाने से बचें
Reviewed by Ravindra Nagar
on
January 08, 2018
Rating:

No comments: