हिंदुओं की ताकत देखी तो कांग्रेस को याद आया हिंदुत्व- योगी आदित्यनाथ
Dhanaoura times news
अगले साल कर्नाटक में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में राजनैतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेंगलुरु पहुंचे जहां उन्होंने प्रदेश भाजपा द्वारा आयोजित इस 'परिवर्तन यात्रा' रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस जाति के नाम पर लोगों को बांटना चाहती है और देश के लिए एक बोझ साबित हो रही है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सिद्धारमैया को आज हिंदुत्व याद आ रहा है।
योगी ने कहा, 'कर्नाटक के मुख्यमंत्री बयान दे रहे हैं कि वह हिंदू हैं। आज जब उन्होंने हिंदुओं की ताकत देखी तो हिंदुत्व याद आ रहा है। ठीक वैसे ही जैसे राहुल गांधी को गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान मंदिर याद आ रहे थे। हिंदुत्व तो भारत की जीवन पद्धति है। हिंदुत्व कोई जाति, मत या मजहब नहीं है बल्कि भारत के अनुसार जीवन जीना है। जीवन की उत्कृष्तम जीवन पद्धति हिंदुत्व है।'
इससे पहले कर्नाटक पहुंचने पर योगी आदित्यनाथ ने निर्मलानंद स्वामी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने कहा, 'जब भी मैं कर्नाटक आता हूं, मैं इस मठ का दौरा करता हूं। इसके बाद में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित परिवर्तन यात्रा का हिस्सा बनूंगा और राजनैतिक विषयों पर बातचीत करूंगा। यहां हम सेवा के उद्देश्य से आए हैं।
आपको बता दें कि यह योगी आदित्यनाथ का एक महीने के भीतर कर्नाटक का दूसरा दौरा है। इससे पहले पिछले वर्ष दिसंबर माह के दौरान भी उन्होंने हुबली में एक रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा था। रैली को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि कर्नाटक में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के बाद कोई भी भाजपा को सरकार बनाने से नहीं रोक सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने 18वीं सदी के मैसूर के शासक टीपू सुल्तान के प्रति सम्मान प्रदर्शित करके भारत की महान परंपरा का अपमान किया है।
हाल ही में कर्नाटक के मेंगलुरु में बजरंग दल के एक कार्यकर्ता की 4 मोटरसाइकिल सवारों ने हत्या कर दी थी। हमलावरों का निशाना बनने वाले कार्यकर्ता का नाम दीपक राव था और वो बजरंग दल का वॉलंटियर था। दरअसल, दक्षिण भारत में हिंदू नेताओं और बीजेपी कार्यकर्ताओं पर हमले की वारदातें लगातार बढ़ती जा रही है। केंद्र सरकार अक्सर इस पर राज्य सरकारों का विरोध भी करती रही है।
हिंदुओं की ताकत देखी तो कांग्रेस को याद आया हिंदुत्व- योगी आदित्यनाथ
Reviewed by Ravindra Nagar
on
January 07, 2018
Rating:
Reviewed by Ravindra Nagar
on
January 07, 2018
Rating:

No comments: