ताजा ख़बरें

recent

लखनऊ में युवती के छेड़छाड़ का विरोध करने पर मनचले ने की उसकी पिटाई |

 Dhanaoura times news lucknow
महिला सुरक्षा सप्ताह मनाने के दौरान नारी सशक्तीकरण की तमाम बातें करने वाली पुलिस के दावे खोखले नजर आ रहे हैं। विभूतिखंड में शुक्रवार रात एक प्रॉपर्टी डीलर ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती की सरेराह पिटाई कर दी। शर्मनाक बात यह रही कि इस दौरान वहां तमाम लोग मौजूद थे, लेकिन कोई भी पीड़िता की मदद को आगे नहीं आया। राहगीर तमाशबीन की तरह खड़े होकर मोबाइल फोन में वीडियो बनाते रहे और युवती अकेले जूझती रही।
निजी कंपनी में काम करने वाली पीड़िता शुक्रवार रात काम खत्म कर ऑफिस से निकली थी। इस दौरान युवती ने एक कैब बुक की और घर के लिए रवाना हो गई। आरोप है कि थोड़ी दूर आगे बढ़ने पर विभूतिखंड में नेहरू नगर, ऐशबाग निवासी आरोपित प्रॉपर्टी डीलर शशांक सक्सेना ने अपनी कार से कैब को ओवरटेक कर रोक लिया। शशांक ने युवती को कार से उतरकर साथ चलने को कहा, जिसपर उसने मना कर दिया।
युवती के मना करने पर शशांक ने उसे कैब से बाहर खींच लिया। आरोप है कि शशांक ने युवती से छेड़छाड़ व अभद्रता की। पिछले कई माह से आरोपित लगातार उसका पीछा कर रहा था। पीड़िता ने उसे टोका भी था, लेकिन शुक्रवार को उसने सारी हदें पार कर दी।
आरोप है कि अभद्र व्यवहार का विरोध करने पर शशांक ने सरेआम युवती को कई थप्पड़ जड़े, जिससे उसकी आंख और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। युवती मदद के लिए चीखती रही, लेकिन कोई भी आगे नहीं आया। वहां मौजूद लोग घटना का वीडियो बनाते रहे और पीड़िता की पिटाई के बाद आरोपित आराम से चला गया।
 युवती के भाई का कहना है कि करीब एक वर्ष पूर्व उनके परिवार को मकान की दरकार थी। वह लोग घर ढूंढ रहे थे, जिसके सिलसिले में शशांक से पहली बार मुलाकात हुई थी। इसके बाद से ही वह उनकी बहन का पीछा कर रहा है। युवती गोमतीनगर क्षेत्र में रहती है। पीड़ित परिवारीजनों ने कार्रवाई की मांग की है।
 युवती से अभद्रता कर रहे प्रॉपर्टी डीलर का कैब चालक ने विरोध किया। इस पर आरोपित ने उसे धमकाया और उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ करने की बात कही। शशांक की धमकी से चालक डर गया और युवती को मौके पर छोड़कर भाग निकला।
आहत किशोरी शुक्रवार रात विभूतिखंड थाने पहुंची और पुलिस को घटना के बारे में बताया। पुलिस ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन पीड़िता ने लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस ने उसे शनिवार को आने की बात कही। एसओ विभूतिखंड सत्येंद्र कुमार राय के मुताबिक पीड़िता की तहरीर पर आरोपित शशांक सक्सेना के खिलाफ मारपीट, गाली गलौज और छेड़छाड़ समेत अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज की गई है। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
लखनऊ में युवती के छेड़छाड़ का विरोध करने पर मनचले ने की उसकी पिटाई | Reviewed by Ravindra Nagar on December 24, 2017 Rating: 5

No comments:

All Rights Reserved by Dhanaoura Times © 2014 - 2015
Designed by RK TECHNOLOGIES

Contact Form

Name

Email *

Message *

Powered by Blogger.