लखनऊ सरोजनीनगर के बिजनौर मे 45 छात्र-छात्राओं को ले जा रही कॉलेज बस पलटी, कई घायल |
Dhanaoura times news lucknow
लखनऊ : सरोजनीनगर के बिजनौर स्थित आजाद इंजीनिय¨रग कॉलेज की अनियंत्रित बस शनिवार सुबह अचानक गड्ढे में पलट गई। चालक और परिचालक के अलावा कुल 45 छात्र-छात्राएं सवार थे। हादसे में विद्यार्थी घायल हो गए, जिनका एक निजी अस्पताल में इलाज कराने के बाद छुट्टी दे दी गई। दुर्घटना में परिचालक और एक छात्र की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कॉलेज प्रशासन के मुताबिक बस विद्यार्थियों को लेकर मोहनलालगंज के सिसेंडी स्थित एक मैनेजमेंट कॉलेज में परीक्षा दिलाने जा रही थी। बस में बीटेक प्रथम वर्ष के विद्यार्थी सवार थे। पुलिस के मुताबिक बस माती गाव, बंथरा निवासी मोहम्मद सादिक चला रहा था। वहीं परिचालक सदर कैंट निवासी शफीक (45) बस के दरवाजे के पास खड़ा था। रफ्तार तेज होने के कारण बिजनौर सिसेंडी रोड पर अनूपखेड़ा गाव के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण और राहगीर बस की ओर दौड़े और गाड़ी की खिड़कियां तोड़कर छात्र-छात्राओं को बाहर निकाला। हादसे में परिचालक शफीक के अलावा छात्र अन्सार मोहम्मद, मोहम्मद अफजल, मोहम्मद शादाब, हैदर अली, तुसार, जहीर, आनंद, हिमांशु व रोहन के अलावा दो छात्राएं घायल हो गई। वहीं दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से भाग निकला। जानकारी मिलने पर कॉलेज प्रशासन की दूसरी बस मौके पर पहुंची और घायलों को बिजनौर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए सिसेंडी भेज दिया गया। शफीक और अंसार (20) का लोकबंधु अस्पताल में इलाज चल रहा है।
शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप : बस में सवार छात्रों के मुताबिक आरोपित चालक सादिक अक्सर शराब पीकर गाड़ी चलाता है। यही नहीं वह बेहद तेज रफ्तार में गाड़ी ड्राइव करता है, जिसको कई बार छात्रों ने टोका भी था। छात्रों का कहना है कि उन्होंने कॉलेज प्रशासन से मामले की शिकायत भी की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। यही कारण है कि बस दुर्घटनाग्रस्त हुई है।
हो सकता था बड़ा हादसा : कॉलेज बस जिस रफ्तार में दुर्घटना का शिकार हुई है, उससे बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि गाड़ी जहां पलटी थी, वहां कोई पेड़ नहीं था। इस हादसे के बाद से छात्र-छात्राओं में दहशत का माहौल है। वहीं विद्यार्थियों के परिवारीजनों ने भी कॉलेज प्रशासन से इसकी शिकायत की है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जाएगी।
लखनऊ सरोजनीनगर के बिजनौर मे 45 छात्र-छात्राओं को ले जा रही कॉलेज बस पलटी, कई घायल |
Reviewed by Ravindra Nagar
on
December 17, 2017
Rating:
Reviewed by Ravindra Nagar
on
December 17, 2017
Rating:

No comments: