योगी करेंगे जिलेवार विधायकों की बैठक, विकास और मिशन-2019 लक्ष्य
Dhanaoura times news Lucknow
निकाय चुनाव में कई जिलों में अपेक्षित परिणाम न आने से भाजपा मिशन 2019 की तैयारी में तेज हो गई है। संगठन और सरकार ने लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 80 सीटें जीतने का संकल्प लिया है। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अभी से ताना-बाना बुन रहे हैं। इस कड़ी में वह जिलेवार विधायकों की बैठक करेंगे और विकास को गति देने के साथ ही उनकी समस्याओं का भी समाधान करेंगे।
सरकार बनने के बाद से ही सामूहिक और निजी तौर पर योगी ने विधायकों से मुलाकात का सिलसिला बनाए रखा है। समय-समय पर समीक्षा बैठकें भी करते रहे हैं लेकिन, लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिहाज से वह विधायकों को क्षेत्र में विकास के लिए सक्रिय करने का उपक्रम कर रहे हैं। सत्र शुरू होने से एक दिन पहले विधायक दल की बैठक में भी उन्होंने विधायकों को उनकी जिम्मेदारी का अहसास कराया। अब जिलेवार बैठकों के जरिये सभी पक्षों की पड़ताल होनी है।
संभव है कि विधानसभा सत्र के दौरान ही यह सिलसिला शुरू हो जाए। अन्यथा सत्र समाप्त होने के बाद बैठक होगी। इसके पहले वह क्षेत्रवार विधायकों की समीक्षा बैठक कर चुके हैं। सभी छह क्षेत्रों के विधायकों ने उन दिनों योगी से क्षेत्र में आने वाली दिक्कतों की चर्चा की और अफसरों पर अपना आक्रोश जाहिर किया था। उसके बाद ही मुख्यमंत्री ने अफसरों की जनप्रतिनिधियों के प्रति जवाबदेही तय करते हुए कड़ा निर्देश जारी किया था। अब होने वाली बैठकों में प्रशासकीय कार्य और विकास कार्यों की समीक्षा होनी है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. चंद्रमोहन कहते हैं कि जनता और जनप्रतिनिधियों से सीधा संवाद कर मुख्यमंत्री जनोन्मुखी विकास को गति देने में लगे हैं। ध्यान रहे कि जुलाई माह में लखनऊ आए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने 12-12 विधायकों के ग्रुप नेतृत्व की जिम्मेदारी मंत्रियों को सौंपकर विकास की गति तेज करने के निर्देश दिए थे लेकिन, यह बैठकें कारगर नहीं हो सकीं। विधायकों ने अपनी जो भी समस्याएं बताई उन पर कारगर कार्रवाई नहीं हुई। अब होने वाली बैठकों से विधायकों को क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीद जगी है।
योगी करेंगे जिलेवार विधायकों की बैठक, विकास और मिशन-2019 लक्ष्य
Reviewed by Ravindra Nagar
on
December 15, 2017
Rating:
Reviewed by Ravindra Nagar
on
December 15, 2017
Rating:

No comments: